क्या एक मसीही विश्वासी को राशिफल जानने के लिए परामर्श लेना चाहिए?

क्या एक मसीही विश्वासी को राशिफल जानने के लिए परामर्श लेना चाहिए?

राशिफल का उद्देश्य किसी व्यक्ति के चरित्र और भविष्य की भविष्यवाणी में अन्तर्दृष्टि प्राप्त करना है। ज्योतिष विद्या की मूल मान्यता यह है कि ग्रह और तारे हमारे जीवन के ऊपर प्रभाव डालते हैं। इस विशेष ज्ञान को पाए हुए लोग—ज्योतिषी—एक व्यक्ति के जीवन में घटित होने वाली घटनाओं का अनुमान लगा सकते हैं।

यह चिन्ताजनक विषय है कि अधिकांश प्रमुख समाचार पत्रों में राशिफल सम्बन्धी एक कॉलम होता है और इससे भी अधिक चिन्ताजनक विषय यह है कि कई मसीही विश्वासी भी अपनी राशि या कुण्डली के विषय में पढ़ते हैं।

1. भविष्यवाणी और ज्योतिष के विषय में बाइबल की शिक्षा

बाइबल स्पष्ट रीति से भावीवाद, टोन्हावाद और गुह्यवाद अर्थात् गुप्त रूप से की जाने वाली गतिविधियों की मनाही करती है (व्यवस्थाविवरण 18:10-14)। परमेश्वर के लोगों को परमेश्वर के ही ऊपर अपना ध्यान केन्द्रित करना है (व्यवस्थाविवरण 18:15)। निर्देशन, सूचना या प्रकाशन के किसी भी अन्य स्रोत का पूरी तरह से खण्डन कर दिया जाना चाहिए। (प्रेरितों के काम 16:16-18 भी देखें)।

2. यीशु मसीह ही हमारे विश्वास का केन्द्र हैं

बाइबल बताती है कि यीशु मसीह ही हमारे ध्यान और विश्वास का एकमात्र केन्द्र हैं (प्रेरितों के काम 4:12; इब्रानियों 12:2)। हमारा विश्वास केवल परमेश्वर में ही होना चाहिए, और हम जानते हैं कि वह हमारे मार्गों को निर्देशित करेगा (नीतिवचन 3:5-6)। परमेश्वर के अतिरिक्त किसी अन्य पर विश्वास करना गलत है।

3. ज्योतिष विद्या बाइबल की शिक्षा के विरुद्ध है

ज्योतिष विद्या कम से कम दो तरीकों से बाइबल की शिक्षा का विरोध करती है:

  • यह परमेश्वर के अतिरिक्त किसी अन्य बात के ऊपर विश्वास किए जाने की वकालत करती है।
  • यह भविष्य की बातें बताने का एक प्रकार है।

हम राशिफल के द्वारा अपने जीवन के लिए परमेश्वर की इच्छा निर्धारित नहीं कर सकते। एक मसीही विश्वासी के रूप में हमें बाइबल का अध्ययन करना और ज्ञान तथा मार्गदर्शन प्राप्त करने के लिए परमेश्वर से प्रार्थना करनी चाहिए।

4. मसीही विश्वासियों को राशिफल से दूर रहना चाहिए

जन्मपत्री, कुण्डली या राशिफल के लिए परामर्श लेना उन तरीकों का उल्लंघन है, जिनके द्वारा परमेश्वर अपनी सन्तान के साथ संवाद करता है। हमारा मार्गदर्शन परमेश्वर के वचन और पवित्र आत्मा के द्वारा होना चाहिए, न कि ज्योतिषियों की भविष्यवाणियों और ग्रहों-नक्षत्रों की गणनाओं के द्वारा।

निष्कर्ष

हम दृढ़ता के साथ विश्वास करते हैं कि राशिफल को मसीही विश्वासियों के द्वारा अस्वीकार कर दिया जाना चाहिए। एक विश्वासी को अपने भविष्य के विषय में भयभीत होकर ज्योतिषियों की शरण लेने के बजाय परमेश्वर पर भरोसा रखना चाहिए, क्योंकि वही हमारे जीवन का वास्तविक मार्गदर्शक है।

Post a Comment

0 Comments